
उमरिया। ब्यूरो रिपोर्ट : राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस
जिले के नौरोजाबाद-करकेली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत माहुरा की विंध्य कॉलोनी में जलापूर्ति योजना अब तक सिर्फ पाइपलाइन और कागजों तक सीमित होकर रह गई है। करीब तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद कॉलोनी के घरों तक एक बूंद पानी भी नहीं पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों को पेयजल के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाने का कार्य तो पूरा कर दिया गया था, लेकिन आज तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी। भीषण गर्मी के दौरान लोगों को दूर स्थित जल स्रोतों से पानी लाना पड़ता है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। गांववासियों ने पाइपलाइन दिखाते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि तीन साल पहले पाइपलाइन बिछाई गई थी, लेकिन आज तक घरों में पानी नहीं पहुंचा।
पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों में शासन-प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि करोड़ों रुपये की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक नहीं पहुंचे, तो ऐसी योजनाओं का उद्देश्य अधूरा रह जाता है।
ग्रामीणों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि जलापूर्ति योजना का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, तकनीकी खामियों को दूर किया जाए और जल्द से जल्द नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू कराई जाए, ताकि विंध्य कॉलोनी के लोगों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत मिल सके।



