टॉप न्यूजदिल्लीबड़ी खबरराजनीतिराज्यराष्ट्रीयलखनऊ

पत्रकारिता को सशक्त बनाने का संकल्प, वॉइस ऑफ मीडिया का राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न

पत्रकारों की सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित

नई दिल्ली | संवाददाता, सब तक एक्सप्रेस
नई दिल्ली स्थित विश्व युवा केंद्र में वॉइस ऑफ मीडिया एवं वॉइस ऑफ मीडिया इंटरनेशनल फोरम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिवेशन में देशभर से आए पत्रकारों, पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने पत्रकारिता के वर्तमान और भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया तथा पत्रकारों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए।
अधिवेशन में पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण, बदलते मीडिया परिदृश्य, आधुनिक तकनीक के उपयोग, संगठन विस्तार और पत्रकार कल्याण जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष संदीप काले, राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हस्के, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक वानखेडे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
विशेष सत्र में मीडिया विशेषज्ञ गगनजी महोत्रा ने पत्रकारिता में सोशल मीडिया और डिजिटल तकनीक की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बदलते समय में पत्रकारों को पारंपरिक मीडिया के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म और नई तकनीकों का प्रभावी उपयोग करना चाहिए, ताकि पत्रकारिता की विश्वसनीयता और पहुंच दोनों मजबूत हो सकें।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अशोक वानखेडे ने कहा कि वॉइस ऑफ मीडिया पत्रकारों के अधिकारों और हितों के लिए लगातार कार्य करने वाला एक मजबूत वैश्विक संगठन है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता करते हुए आधुनिक तकनीक को अपनाने का आह्वान किया।
अधिवेशन में पत्रकार सुरक्षा कानून, स्वास्थ्य बीमा, पेंशन, पत्रकार कल्याण, कौशल विकास, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित प्रशिक्षण, डिजिटल मीडिया के लिए अलग कानून, पत्रकारों के कानूनी संरक्षण तथा संगठन विस्तार सहित अनेक विषयों पर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।
संगठन विस्तार को लेकर विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने राज्यों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान पत्रकारों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य योजनाओं तथा अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की भी जानकारी साझा की गई। अधिवेशन में दिगंबर महाले को राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चुना गया।
समापन समारोह में देशभर से आए पत्रकारों का सम्मान किया गया। प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि यह राष्ट्रीय अधिवेशन पत्रकारों के सशक्तिकरण, संगठन को मजबूती देने और आधुनिक पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!