मझगांव के पास सड़क हादसे में चार युवक घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
डायल 112 की तत्परता से घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल, नौरोजाबाद पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी

उमरिया। ब्यूरो रिपोर्ट : राहुल शीतलानी, सब तक एक्सप्रेस
जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार को मझगांव के पास हुए सड़क हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक क्रमांक एमपी 20 जेडएन 3784 पर सवार युवक करकेली से मझगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी कारणवश दुर्घटना हो गई। सड़क पर घायलों के पड़े होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घायलों में शिवम बैगा, मुकेश बैगा और सुनील बैगा की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। नौरोजाबाद पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



