शाहगंज के पारंपरिक ताजिया जुलूस में शामिल हुए जिला पंचायत सदस्य जय प्रकाश पाण्डेय (चेखुर पाण्डेय)
कर्बला के शहीदों को किया नमन, कौमी एकता और गंगा-जमुनी तहज़ीब का दिया संदेश

शाहगंज (सोनभद्र)। रिपोर्ट: क्षितीश चतुर्वेदी, सब तक एक्सप्रेस।
विधानसभा घोरावल क्षेत्र के शाहगंज में आयोजित पारंपरिक ताजिया कार्यक्रम एवं जुलूस में क्षेत्र की जनता का उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर घघरी वार्ड के जिला पंचायत सदस्य जय प्रकाश पाण्डेय उर्फ चेखुर पाण्डेय मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
ताजिया कार्यक्रम में शामिल होकर जय प्रकाश पाण्डेय ने अकीदतमंदों एवं क्षेत्रवासियों से मुलाकात की और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कर्बला के शहीदों और हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए कहा कि यह अवसर हमें सच्चाई, न्याय और इंसानियत के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने शाहगंज एवं आसपास के क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही गंगा-जमुनी तहज़ीब की सराहना करते हुए कहा कि यह क्षेत्र हमेशा से कौमी एकता और आपसी सद्भाव का प्रतीक रहा है, जहां सभी धर्मों और वर्गों के लोग मिल-जुलकर हर आयोजन को सफल बनाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने जिला पंचायत सदस्य का स्वागत करते हुए उनके बीच पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक सम्मानित नागरिक, युवा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



