क्राइम

बेंगलुरु में 60.86 करोड़ रुपये के ड्रग्स के साथ अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़, पांच विदेशी नागरिक समेत आठ गिरफ्तार

बेंगलुरु, कर्नाटक

बेंगलुरु पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने पांच विदेशी नागरिकों सहित कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 60.86 करोड़ रुपये मूल्य के विभिन्न मादक पदार्थ बरामद किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई शहर में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी ड्रग्स विरोधी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि यह अभियान हेब्बल थाना, सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की एंटी-नारकोटिक्स विंग और गिरिनगर थाना की संयुक्त टीमों द्वारा चलाया गया। गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि यह गिरोह देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशी नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ था।

पहले अभियान में पुलिस ने 17.282 किलोग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 34.56 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके बाद सीसीबी की टीम ने अलग-अलग मामलों में तीन विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो नाइजीरियाई और एक दक्षिण अफ्रीकी नागरिक शामिल हैं। इनके कब्जे से 6.718 किलोग्राम एमडीएमए और 20 ग्राम कोकेन बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 14.30 करोड़ रुपये आंकी गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि यह खेप नई दिल्ली के एक सप्लायर के माध्यम से बेंगलुरु पहुंचाई गई थी। वहीं, गिरिनगर थाना क्षेत्र में एक अन्य कार्रवाई के दौरान एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच किलोग्राम एमडीएमए और 1,000 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 12 करोड़ रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, सभी मामलों को जोड़कर अब तक करीब 29 किलोग्राम एमडीएमए, 20 ग्राम कोकेन और 1,000 नशीली गोलियां जब्त की गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लायरों और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार देश के अन्य राज्यों और अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोहों से कितने व्यापक स्तर पर जुड़े हैं।

बेंगलुरु पुलिस ने कहा कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!