सोनभद्र: पोखरिया, अड़गुड़ और बसुहारी में आम के पौधों का वितरण, भूमि संबंधी मुद्दों को लेकर उठी आवाज
'पेड़ हैं तो प्राण हैं' अभियान के तहत ग्रामीणों ने पौधारोपण का लिया संकल्प, कार्यक्रम में भूमि अधिग्रहण के आरोपों पर जांच की मांग

सोनभद्र। रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस।
कोन ब्लॉक के पोखरिया, अड़गुड़ और बसुहारी गांवों में ‘पेड़ हैं तो प्राण हैं’ अभियान के तहत सैकड़ों परिवारों के बीच आम के पौधों का वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने पौधारोपण करने और पौधों की देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि कुछ कंपनियों द्वारा ग्रामीणों और आदिवासी परिवारों से जमीन किराये पर लेने की बात कहकर एग्रीमेंट कराया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और प्रभावित परिवारों को उनकी जमीन वापस दिलाने की मांग की।
अभियान के जिला संयोजक रामसुरत सिंह खरवार ने भी आरोप लगाया कि कुछ कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीणों को गुमराह कर जमीन के समझौते कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मामले का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी इस मुद्दे पर आगे आने की अपील की।
ग्रामीण प्रहलाद खरवार ने कहा कि गांव के लोगों को जमीन किराये पर देने की बात बताई गई थी, लेकिन बाद में उन्हें अलग जानकारी मिली। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने की मांग की।
कार्यक्रम में प्रहलाद खरवार, रामसुरत खरवार, रीता चांदनी, रामबदन खरवार, मुन्ना खरवार, जोगेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



