
सोनभद्र | ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस
सोनभद्र पुलिस ने मिशन शक्ति 5.0 के दूसरे चरण के तहत जनपद में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों और ग्राम सभाओं में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला उत्पीड़न से जुड़े कानूनी अधिकार तथा विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने लिंगानुपात, लैंगिक समानता, बाल विवाह, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसे सामाजिक विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के लिए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, बैंकिंग धोखाधड़ी तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP साझा न करने की सलाह दी।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।



