उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसोनभद्र

शक्तिनगर साइबर टीम की बड़ी सफलता, साइबर फ्रॉड के शिकार दो लोगों के ₹35,510 वापस कराए

MRM पोर्टल और बैंक समन्वय से त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों ने पुलिस टीम का जताया आभार

सोनभद्र | ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस
सोनभद्र पुलिस साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए लगातार पीड़ितों को राहत दिला रही है। इसी क्रम में थाना शक्तिनगर की साइबर टीम ने साइबर ठगी के शिकार दो लोगों की कुल ₹35,510 की धनराशि उनके बैंक खातों में सफलतापूर्वक वापस कराई है। धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने पुलिस अधिकारियों और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे साइबर अपराध निरोधक अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में साइबर टीम ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंकों से समन्वय स्थापित किया और MRM पोर्टल के माध्यम से ठगी गई रकम को होल्ड कराकर पीड़ितों के खातों में वापस कराया।
अज्ञात साइबर ठगों ने बनाया था निशाना
पुलिस के अनुसार, थाना शक्तिनगर क्षेत्र के बीना निवासी युगल किशोर तिवारी और अंकिता तिवारी साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। अज्ञात साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन माध्यम से दोनों के खातों से धनराशि ट्रांसफर करा ली थी। शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस थाना शक्तिनगर ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
दोनों पीड़ितों को मिली राहत
कार्रवाई के दौरान युगल किशोर तिवारी के खाते में ₹7,000 तथा अंकिता तिवारी के खाते में ₹28,510 वापस कराए गए। इस प्रकार कुल ₹35,510 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस दिलाई गई।
इन अधिकारियों की रही प्रमुख भूमिका
धनराशि वापस कराने की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र कुमार राय, साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक रंजित कुमार, उपनिरीक्षक दिनेश गौतम तथा महिला कांस्टेबल नीलम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील
सोनभद्र पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता संख्या, नेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड और ओटीपी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। ऑनलाइन शिकायत cybercrime.gov.in पोर्टल पर भी की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!