उदयपुरजयपुरटॉप न्यूजबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराजस्थानराज्य

खाटूश्यामजी एकादशी मेले में पत्रकार से अभद्रता का मामला, वॉइस ऑफ मीडिया ने डीवाईएसपी से की मुलाकात

पत्रकारों के सत्यापन की व्यवस्था मजबूत करने की मांग, डीवाईएसपी बोले— भविष्य में नहीं होगी ऐसी घटना

खाटूश्यामजी | संवाददाता, सब तक एक्सप्रेस
खाटूश्यामजी एकादशी मेले के दौरान एक पत्रकार का मोबाइल छीने जाने तथा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित अभद्र व्यवहार किए जाने के मामले को लेकर वॉइस ऑफ मीडिया संगठन के पदाधिकारियों ने डीवाईएसपी राजेश जांगिड़ से मुलाकात कर पूरी घटना से अवगत कराया। संगठन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और पत्रकारों के सम्मान की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
डीवाईएसपी राजेश जांगिड़ ने पत्रकारों की बात गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में असली और फर्जी पत्रकारों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया है। कई लोग प्रेस कार्ड लगाकर मौके पर पहुंच जाते हैं, जिससे ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने वास्तविक पत्रकारों की पहचान करना कठिन हो जाता है।
बैठक के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने सुझाव दिया कि पत्रकारों के पहचान पत्रों पर मौजूद क्यूआर कोड के माध्यम से सत्यापन की व्यवस्था लागू की जा सकती है। उनका कहना था कि कई पत्रकारों के कार्ड पीआरजी से पंजीकृत हैं। इस पर डीवाईएसपी ने कहा कि फर्जी कार्ड भी बनाए जा रहे हैं और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के पास तत्काल डिजिटल सत्यापन की सुविधा उपलब्ध नहीं होती।
पत्रकारों ने यह भी सवाल उठाया कि जब नेताओं की प्रेस वार्ताओं और सरकारी कार्यक्रमों में पत्रकारों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया जाता है, तो मेलों और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में ऐसी व्यवस्था प्रभावी ढंग से क्यों नहीं अपनाई जाती। संगठन ने डीपीआईआर पोर्टल के माध्यम से भी सत्यापन प्रणाली लागू करने का सुझाव दिया।
पत्रकारों ने कहा कि सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयंभू पत्रकारों एवं कंटेंट क्रिएटर्स की बढ़ती संख्या के कारण सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से पंजीकृत समाचार संस्थानों और वास्तविक पत्रकारों को कई बार परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से फर्जी पत्रकारों पर प्रभावी कार्रवाई करने और पत्रकारों के सत्यापन की स्पष्ट व्यवस्था बनाने की मांग की।
बैठक के अंत में डीवाईएसपी राजेश जांगिड़ ने पत्रकारों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए पत्रकारों के सम्मान और बेहतर समन्वय बनाए रखने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर राजस्थान पब्लिक संवाद न्यूज़ के संपादक घनश्याम शर्मा, वॉइस ऑफ मीडिया संगठन के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता, पंछी का संदेश के संपादक केशव सोलंकी, संदीप अग्रवाल, जयपाल सिंह शेखावत, नित्यानंद शर्मा (लिसाड़िया) सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने डीवाईएसपी द्वारा सकारात्मक संवाद और पत्रकारों की बात गंभीरता से सुनने पर उनका आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!