मध्य प्रदेश

राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर आएंगे, ‘छात्रों की गूंज’ में युवाओं के सवालों का देंगे जवाब

**इंदौर, मध्य प्रदेश**

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होकर जेन-जी और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के साथ-साथ देशभर के युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

इंदौर में होने वाला यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ शृंखला का हिस्सा होगा। इससे पहले इस शृंखला के कार्यक्रम कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में आयोजित किए जा चुके हैं। अब कांग्रेस इंदौर में भी इसी तरह युवाओं को एक मंच पर लाने की तैयारी कर रही है।

प्रस्तावित कार्यक्रम की शुरुआत एक कंसर्ट से होगी। इसके बाद राहुल गांधी युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा युवाओं और राहुल गांधी के बीच होने वाला सीधा सवाल-जवाब होगा, जिसमें छात्र और युवा अपनी बात तथा सवाल सीधे उनके सामने रख सकेंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस संगठन ने सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू इंदौर पहुंचे और उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, संभावित स्थल और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।

सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के लिए किसी बड़े गायक या संगीत समूह को भी आमंत्रित किया जा सकता है। हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय दिल्ली स्तर से लिया जाएगा।

बैठक के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर नेहरू स्टेडियम को चार दिनों के लिए आरक्षित करने की मांग की है। माना जा रहा है कि कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन को देखते हुए अतिरिक्त दिनों के लिए स्टेडियम की जरूरत पड़ सकती है।

राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को कांग्रेस युवाओं के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के प्रयास के रूप में देख रही है। रोजगार, शिक्षा और अन्य युवा मुद्दों पर होने वाला संवाद कार्यक्रम का मुख्य केंद्र रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!