पंजाब में ED का बड़ा एक्शन, पटियाला कॉल सेंटर और मोहाली में IPS अधिकारी से जुड़े ठिकाने पर रेड

चंडीगढ़, पंजाब
ED की पंजाब में ताबड़तोड़ छापेमारी, पटियाला के कॉल सेंटर और मोहाली के ठिकाने पर जांच
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को पंजाब के पटियाला और मोहाली में कई स्थानों पर छापेमारी की। पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित डीएम वेब सॉल्यूशन के कार्यालय में ईडी की टीम पहुंची, जबकि मोहाली के सेक्टर-82 ए स्थित प्लॉट नंबर 2010 में भी कार्रवाई की गई। मोहाली की कार्रवाई को कथित तौर पर एक आईपीएस अधिकारी से जुड़े स्थान से संबंधित बताया जा रहा है।
पटियाला में डीएम वेब सॉल्यूशन का कार्यालय एससीओ नंबर 29 में है। यहां कॉल सेंटर का संचालन किया जाता था। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम दो वाहनों में सुबह कार्यालय पहुंची और इसके बाद जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही रोक दी गई।
मौके पर करीब 15 से 20 अधिकारियों के मौजूद होने की जानकारी है। बताया जा रहा है कि संबंधित कॉल सेंटर दिन-रात संचालित होता था। ईडी की टीम कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार जांच के दौरान विदेश में करीब 250 से 300 करोड़ रुपये के कथित लेनदेन से संबंधित इनपुट सामने आया था। इसी कड़ी में अधिकारियों को मोहाली स्थित परिसर से जुड़े कुछ इनपुट मिलने की बात कही जा रही है।
जानकारी के मुताबिक मोहाली स्थित कार्यालय की मालकिन के भाई का पटियाला में कार्यालय है। यह कार्यालय डीएम वेब सॉल्यूशन के नाम से संचालित किया जा रहा था। ईडी कथित वित्तीय लेनदेन और दोनों परिसरों के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि डीएम वेब सॉल्यूशन का यह कार्यालय पहले फ्लाइंग फेदर के नाम से चलता था। पिछले कुछ महीनों में इसका नाम बदल दिया गया। फ्लाइंग फेदर का कार्यालय बाद में पटियाला की छोटी बरादरी में बनाया गया था, लेकिन वह कार्यालय भी पिछले कुछ समय से बंद बताया जा रहा है।
ईडी की इस कार्रवाई के बाद संबंधित परिसरों में हलचल बढ़ गई है। फिलहाल जांच एजेंसी की ओर से कार्रवाई से जुड़े सभी तथ्यों की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।


