विधान सभा में AI पर विशेष सत्र, अध्यक्ष महाना ने कहा – तकनीक बदलेगी विधायकों के काम करने का तरीका

लखनऊ, 10 अगस्त। उत्तर प्रदेश विधान सभा में आज “जन प्रतिनिधियों को सशक्त बनाना : एआई के माध्यम से संचार को मजबूत करना” विषय पर विशेष सत्र आयोजित हुआ। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के नेतृत्व में हुए इस सत्र में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे, संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित विभिन्न दलों के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
सत्र का संचालन आईटी विशेषज्ञ डॉ. हर्षित और आशुतोष तिवारी ने किया। उद्घाटन संबोधन में अध्यक्ष महाना ने कहा कि समय के साथ तकनीक बदलती रहती है और अब विधायकों के लिए नई तकनीक अपनाना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा कि एआई न केवल कार्यकुशलता बढ़ाएगा, बल्कि जनता से संवाद को पारदर्शी और त्वरित बनाएगा।
नेता प्रतिपक्ष पांडे ने विधानसभा में नई तकनीक को बढ़ावा देने की सराहना की। संसदीय कार्य मंत्री खन्ना ने कहा कि विधानसभा का इतिहास अब तकनीकी माध्यम से संरक्षित हो रहा है और एआई विधायकों को और प्रभावी बनाएगा।
सत्र में सचिन यादव, डॉ. सुरभि, शशांक त्रिवेदी, डॉ. रागिनी, डॉ. पल्लवी, डॉ. अभय सहित कई सदस्यों ने विचार रखे। इस अवसर पर “AI-Driven Governance for Legislators” हैंडबुक का विमोचन हुआ, जिसमें बहुभाषी संचार, नीति विश्लेषण और नैतिक उपयोग जैसे विषय शामिल हैं।
तकनीकी विशेषज्ञों ने बताया कि एआई वॉइस-टू-टेक्स्ट, भावना विश्लेषण, अनुवाद और दस्तावेज़ निर्माण में मददगार साबित हो सकता है। अध्यक्ष महाना ने कहा कि सही दिशा में एआई का उपयोग जनता से जुड़ाव, पारदर्शिता और शासन की गुणवत्ता में सुधार लाएगा।