वेनेजुएला पर अमेरिकी हमले के खिलाफ सीटू कार्यकर्ताओं का जोरदार प्रदर्शन
गौतम बुद्ध नगर व गाजियाबाद में संयुक्त जुलूस, अमेरिकी साम्राज्यवाद के खिलाफ लगाए नारे

सब तक एक्सप्रेस।
साहिबाबाद। वेनेजुएला पर अमेरिका द्वारा किए जा रहे कथित साम्राज्यवादी हमले के विरोध में सीटू (CITU) के कार्यकर्ताओं ने रविवार, 4 जनवरी 2026 को गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने झंडापुर साहिबाबाद रोड पर जुलूस निकालते हुए अमेरिकी नीतियों की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान “वेनेजुएला की संप्रभुता पर हमला नहीं सहेंगे”, “अमेरिकी साम्राज्यवाद मुर्दाबाद”, “अमेरिका की दादागिरी नहीं चलेगी” और “वेनेजुएला की जनता तुम संघर्ष करो, हम भारत के मजदूर तुम्हारे साथ हैं” जैसे नारे लगाए गए।
विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू दिल्ली-एनसीआर राज्य सचिव मंडल सदस्य कामरेड बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि बीते कुछ हफ्तों से अमेरिका वेनेजुएला के आसपास अपनी थल सेना और नौसैनिक बलों को एकत्र कर रहा है, जो वहां सत्ता परिवर्तन की साजिश का संकेत है। उन्होंने इसे अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा रणनीति 2025 का वास्तविक चेहरा बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि वेनेजुएला के तेल और गैस संसाधनों पर कब्जे के इरादे से यह हमला किया जा रहा है, जिसका एकजुट होकर विरोध जरूरी है।
सीटू गौतम बुद्ध नगर जिला सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा ने अपनी बात रखते हुए मांग की कि अमेरिकी हमला तत्काल रोका जाए और कैरेबियाई सागर से सभी अमेरिकी सेनाएं हटाई जाएं। उन्होंने लातीनी अमेरिका को शांति क्षेत्र घोषित करने, संप्रभु देशों के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप बंद करने तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से अमेरिकी हमले की निंदा करने का प्रस्ताव पारित करने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू गौतम बुद्ध नगर कमेटी के नेता राम स्वारथ, सुनील पंडित, रामसागर, विकास कुमार, गंगेश्वर दत्त शर्मा, हुकम सिंह, गाजियाबाद जिला कमेटी के महासचिव जी.एस. तिवारी तथा सीटू दिल्ली राज्य सचिव मंडल सदस्य बृजेश कुमार सिंह ने किया।
प्रदर्शन के माध्यम से सीटू कार्यकर्ताओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अमेरिकी हस्तक्षेप के खिलाफ आवाज बुलंद करने और वेनेजुएला की जनता के समर्थन में एकजुटता व्यक्त की।



