ओपी राजभर बोले– समय पर होंगे पंचायत चुनाव, नॉनवेज खाने वाले अयोध्या से बाहर जाकर खाएं
सुल्तानपुर पहुंचे कैबिनेट मंत्री, पंचायत चुनाव, अयोध्या विवाद और विपक्ष पर दिया बयान

सब तक एक्सप्रेस।
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर शनिवार को सुल्तानपुर पहुंचे। पीडब्ल्यूडी डाक बंगले पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव समय पर कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से इस संबंध में बात हुई है। फिलहाल अधिकारी एसआईआर के काम में लगे हैं, जैसे ही वे खाली होंगे चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
अयोध्या में नॉनवेज पर लगी रोक को लेकर राजभर ने कहा कि जिसे मांस खाने का शौक है, वह अयोध्या से बाहर जाकर खा सकता है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी कब शांत रही हैं। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि वह इसलिए खामोश है क्योंकि उसे पता है बिहार और दिल्ली के चुनाव में उसका क्या हाल हुआ।
अमेठी से भाजपा विधायक सुरेश पासी के मुसलमानों को लेकर दिए बयान पर राजभर ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत बयान है। भारतीय समाज पार्टी और एनडीए सरकार “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर काम करती है। कुछ लोग केवल चर्चा में आने के लिए ऐसे बयान देते हैं।
मनरेगा का नाम बदलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि नाम बदलने से क्या गांधी जी खत्म हो जाएंगे, कांग्रेस को बस यही सब करना आता है।
विधानसभा सत्र के दौरान ब्राह्मण विधायकों के भोज पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान को सही ठहराते हुए राजभर ने कहा कि यह संगठन के नजरिए से दिया गया बयान है। जब सदन चलता है तो ऐसे सामाजिक भोज होते रहते हैं, हम लोग भी करते हैं।
— सब तक एक्सप्रेस



