
सब तक एक्सप्रेस | जयपुर
जयपुर शहर के नाडी का फाटक क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर झुंड में घूम रहे आवारा कुत्तों ने अब तक कई राहगीरों को काट लिया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि आए दिन किसी न किसी व्यक्ति को कुत्ते अपना शिकार बना रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि बाहरी इलाकों से आने-जाने वाले राहगीर इस खतरे से अनजान रहते हैं और अचानक हमले का शिकार हो जाते हैं।
कॉलोनीवासियों ने इस गंभीर समस्या की शिकायत नगर निगम के कंट्रोल रूम में भी दर्ज कराई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। न तो कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था की गई और न ही उनके उपचार या नसबंदी की कोई पहल हुई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ कुत्ते पागल अवस्था में दिखाई दे रहे हैं, जिससे किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई है। स्थिति ऐसी हो गई है कि लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं में डर का माहौल है।
कॉलोनीवासियों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर आवारा कुत्तों को पकड़ने, उनका उपचार कराने और क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि आम जनता राहत की सांस ले



