एकतरफा कार्रवाई के आरोप में कछौना थाना प्रभारी निलंबित
एसपी अशोक कुमार मीणा ने की कार्रवाई, विभागीय जांच के आदेश

सब तक एक्सप्रेस।
हरदोई। थाना कछौना के प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह को एकतरफा कार्रवाई और कर्तव्यों में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई जनपद के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा द्वारा की गई है।
जानकारी के अनुसार थाना कछौना क्षेत्र में एक महिला, उसके पति, देवर और समर्थकों के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने मामले की निष्पक्ष जांच किए बिना एक पक्ष के खिलाफ ही कार्रवाई की और विपक्षी पक्ष की ओर से महिला सहित अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया।
बताया गया कि बाद में मामले की सच्चाई सामने आने के बावजूद महिला पक्ष की ओर से कोई अभियोग दर्ज नहीं किया गया, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने अपने कर्तव्यों और दायित्वों के प्रति लापरवाही बरती।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और उनके विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
एसपी अशोक कुमार मीणा ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में ऐसी स्थिति पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।



