
संवाददाता : सब तक एक्सप्रेस।
सोनभद्र।
ओबरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बग्घानाला के पास स्थित क्रशर प्लांट में 76 वर्षीय खनन व्यवसायी विष्णु हरि उपाध्याय की नृशंस हत्या को लेकर सोनभद्र जिला युवा कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। युवा कांग्रेस ने इस घटना को प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
बताया गया कि 7 फरवरी 2026 की रात अज्ञात अपराधियों ने क्रशर प्लांट के कार्यालय में सो रहे विष्णु हरि उपाध्याय के सिर पर पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात से पहले हमलावरों ने सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए और कार्यालय से करीब ₹60 हजार नकद, एक प्रिंटर और मॉनिटर लूट ले गए।
सुबह जब मजदूर काम पर पहुंचे तो खून से लथपथ शव देखकर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर ओबरा पुलिस, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में लूट या खनन से जुड़ी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सोनभद्र जिला युवा कांग्रेस के महासचिव मृदुल मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में व्यापारी, बुजुर्ग और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। युवा कांग्रेस ने इस मामले में विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने और जिले में व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन से अपील की है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



