यूपी में तेल-गैस की किल्लत पर अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

सब तक एक्सप्रेस | सोनभद्र
रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में तेल और गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रदेश सरकार सख्त हो गई है। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने सभी जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस कप्तानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कालाबाजारी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से झूठी अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक सोशल मीडिया की निगरानी तेज कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि पेट्रोल पंपों के आसपास विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी तरह की अफरा-तफरी या जमाखोरी की स्थिति न बने।
इसके अलावा जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को गैस एजेंसियों और दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने जनता से अपील की है कि किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।



