
सब तक एक्सप्रेस: लखनऊ।
समाजवादी पार्टी द्वारा श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की स्मृति में उत्तर प्रदेश के अमरिया में भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन कुलदीप सिंह भुल्लर और सिख समाज के सहयोग से किया गया, जिसमें पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की टीमों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व एमएलसी शशांक यादव, कुलदीप सिंह भुल्लर, राजकुमार राजू, युसूफ कादरी, जितेंद्र चल, अजय सिंह और आनंद सिंह यादव सहित अन्य नेताओं द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। प्रतियोगिता में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की टीमों ने भी हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश के ननकपुरी टांडा की टीम रही, जबकि तीसरे स्थान पर पंजाब की टीम रही। वहीं लड़कियों की प्रतियोगिता में कजरी पूरनपुर की टीम विजेता रही।

कार्यक्रम का समापन समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व मंत्री अतौर रहमान तथा पूर्व प्रत्याशी बिलासपुर अमरजीत सिंह द्वारा किया गया। इस आयोजन को देखने के लिए सिख समाज सहित हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे और खेल का आनंद लिया।

इसी के साथ कार्यक्रम में दस्तार (पगड़ी) प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 65 बच्चों ने भाग लिया। पंजाब से आए पांच जजों ने प्रतियोगिता का मूल्यांकन किया और सर्वश्रेष्ठ पगड़ी सजाने वाले तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर सिख समाज के कई प्रमुख सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का सफल संचालन कुलदीप सिंह भुल्लर, राष्ट्रीय सचिव, द्वारा किया गया।



