नौरोजाबाद में बढ़ते धूल प्रदूषण पर विधायक सख्त, नियमित पानी छिड़काव के दिए निर्देश
एसईसीएल प्रबंधन को पत्र लिखकर दिन में 3-4 बार छिड़काव कराने की मांग, आमजन को राहत देने पर जोर

ब्यूरो चीफ : राहुल शीतलानी।
उमरिया जिले के नौरोजाबाद नगर में इन दिनों बढ़ते धूल प्रदूषण को लेकर क्षेत्रीय विधायक शिवनारायण ज्ञान सिंह ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने एसईसीएल जोहिला क्षेत्र के महाप्रबंधक को पत्र लिखकर नगर में नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने के निर्देश दिए हैं।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि पूरे नगर क्षेत्र में अत्यधिक धूल का प्रकोप बना हुआ है, जिससे आमजन को सांस संबंधी समस्याओं के साथ अन्य स्वास्थ्य दुष्प्रभावों का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कारण न केवल पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने विशेष रूप से चांद प्रेस बाजार से लेकर पांच नंबर चौराहे तक नगर क्षेत्र में दिन में तीन से चार बार पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने की बात कही है, ताकि धूल पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।

विधायक ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर उमरिया, सब एरिया मैनेजर नौरोजाबाद और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को भी भेजी गई है।
इस पहल से स्थानीय लोगों को धूल प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



