गेहूं खरीद में अव्यवस्था से नाराज किसान, मोर्चा ने दी आंदोलन की चेतावनी
भीषण गर्मी में लाइन में खड़े किसान, क्रय केन्द्रों पर लापरवाही का आरोप

रिपोर्ट: क्षितिश चतुर्वेदी
जनपद में धान खरीद के बाद अब गेहूं खरीद व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्र ने सरकार पर अन्नदाताओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह धान खरीद भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी, उसी तरह गेहूं खरीद में भी क्रय केन्द्र प्रभारी किसानों को इधर-उधर दौड़ा रहे हैं।
मोर्चा का दल जब क्षेत्रीय भ्रमण पर निकला तो विभिन्न क्रय केन्द्रों पर ट्रैक्टरों की लंबी कतारें देखकर कार्यकर्ता आक्रोशित हो उठे। रामगढ़ क्रय केन्द्र पर पहुंचकर उन्होंने जिम्मेदार लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही किसानों की लाइन समाप्त नहीं की गई और उनका गेहूं समय से नहीं खरीदा गया, तो मोर्चा बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में किसान अपनी उपज बेचने के लिए दर-दर भटक रहा है, जो सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय किसान अरुण पाण्डेय, राजेश चौहान, पवन मौर्य, उदित कुमार और प्रकाश पाण्डेय सहित किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के कई वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।



