डीएम निधि गुप्ता वत्स का सदर तहसील पर औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी
अधूरे रजिस्टरों पर सख्ती, राजस्व वादों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर, 24 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने शुक्रवार को सदर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदारों के क्षेत्र से संबंधित रजिस्टर अधूरे पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने निर्देश दिए कि सभी नायब तहसीलदार अपने रजिस्टरों को नियमित रूप से स्वयं जांचें और उन्हें अद्यतन रखें।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने एसडीएम से पिछले निरीक्षण की जानकारी ली, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि तहसील के सभी पटलों का नियमित मुआयना किया जाए और पेशकारों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जाए।
तहसीलदार ने जानकारी दी कि मत्स्य पालन से संबंधित नए पट्टों के लिए आवेदन अगले माह से लिए जाएंगे। वहीं, तहसीलदार न्यायालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने धारा-67 के पुराने लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने स्पष्ट कहा कि “जनता से जुड़े मामलों में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी राजस्व वादों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।”
इस मौके पर एडीएम (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एसडीएम सदर अनामिका श्रीवास्तव, तहसीलदार अमरेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



