
सोनभद्र। ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई कक्ष में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) नेटवर्क स्थापना और गेल कंपनी द्वारा संचालित गैस वितरण योजना की प्रगति को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और गेल कंपनी के प्रतिनिधियों से जनपद में गैस पाइपलाइन नेटवर्क विस्तार, घरेलू गैस कनेक्शन, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में गैस आपूर्ति व्यवस्था समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएं।
डीएम ने कहा कि सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन योजना से आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम ईंधन उपलब्ध होगा। इससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि गैस पाइपलाइन बिछाने और अन्य कार्यों में आपसी समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक अनुमतियों और प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कराया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुव गुप्ता, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं गेल कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



