मातृ दिवस पर डीपीएस सीतापुर की अनूठी पहल, मां-बच्चों ने वॉटर पार्क में बिताए यादगार पल
Nilansh Water Park में आयोजित विशेष भ्रमण में बच्चों और माताओं ने साथ मनाया खुशियों का उत्सव

विशेष संवाददाता: शैलेंद्र यादव
सीतापुर। मातृ दिवस के अवसर पर दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर द्वारा विद्यार्थियों एवं उनकी माताओं के लिए Nilansh Water Park में विशेष मनोरंजक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस खास पहल का उद्देश्य मां और बच्चों के रिश्ते को और मजबूत बनाना तथा उन्हें साथ में यादगार पल बिताने का अवसर देना रहा।
कार्यक्रम के तहत प्रातः विद्यालय परिसर से छात्र-छात्राएँ अपनी माताओं के साथ उत्साहपूर्वक रवाना हुए। वॉटर पार्क पहुंचने पर सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। शुरुआत स्वादिष्ट नाश्ते के साथ हुई, जिसके बाद बच्चों ने स्विमिंग कॉस्ट्यूम पहनकर पूल एरिया में प्रवेश किया और विभिन्न वाटर राइड्स, स्लाइड्स एवं जल गतिविधियों का आनंद लिया।

इस दौरान माताएँ भी बच्चों के साथ पूरे उत्साह से शामिल रहीं। कहीं मां-बेटे पानी में मस्ती करते नजर आए तो कहीं मां-बेटियां ट्रेन राइड और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेती दिखीं। पूरे वॉटर पार्क में हंसी, उत्साह और पारिवारिक स्नेह का सुंदर माहौल देखने को मिला।

विद्यालय की प्रो वाइस चेयरपर्सन तनुश्री मेहरोत्रा ने कहा कि मां बच्चों की पहली शिक्षक होती हैं और उनके सम्मान में आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों एवं अभिभावकों के बीच रिश्तों को और मजबूत बनाते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा, अनुशासन और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने विद्यालय प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए इसे मातृ दिवस का यादगार उपहार बताया। यह आयोजन बच्चों और उनकी माताओं के लिए लंबे समय तक याद रहने वाला अनुभव बन गया।



