बाघ हमले की घटना में साहसिक कार्य हेतु रेंज ऑफिसर सुश्री अंजू वर्मा सम्मानित
घटना के दौरान दिखाई बहादुरी और सूझबूझ, 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान

ब्यूरो चीफ उमरिया — राहुल शीतलानी
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरवा टोला में 24 मई 2026 की रात बाघ के घर में घुसकर हमला करने की घटना में साहसिक कार्य करने पर परिक्षेत्र अधिकारी पतौर सुश्री अंजू वर्मा को सम्मानित किया गया है।
घटना में एक महिला की मृत्यु हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की जानकारी मिलते ही रेंज ऑफिसर सुश्री अंजू वर्मा अपने स्टाफ के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ रेस्क्यू कार्य में सक्रिय सहयोग किया।
घटना के समय क्षेत्र में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे और स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई थी। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में सुश्री अंजू वर्मा ने धैर्य, साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया तथा स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने मौके पर वन अमले एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए रेस्क्यू कार्य को सुचारु बनाए रखने का प्रयास किया।
सुश्री अंजू वर्मा वर्ष 2016 बैच की रेंज ऑफिसर हैं और वर्तमान में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में पदस्थ हैं। उनके साहसिक, संवेदनशील एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य को देखते हुए क्षेत्र संचालक, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व द्वारा उन्हें 25 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ब्यूरो चीफ उमरिया — राहुल शीतलानी



