उत्तर प्रदेशक्राइमगोरखपुरटॉप न्यूजबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजराज्यराष्ट्रीयलखनऊ

अयोध्या में STF का बड़ा एक्शन, 2 लाख के इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बब्लू एनकाउंटर में ढेर

हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी समेत 40 मुकदमों में वांछित था अपराधी, मुठभेड़ के बाद इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में हुई मौत

सब तक एक्सप्रेस/लखनऊ

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने रविवार देर रात महाराजगंज थाना क्षेत्र के एमी घाट के पास हुई मुठभेड़ में 2 लाख रुपये के इनामी और कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह उर्फ बब्लू को मार गिराया। पुलिस के अनुसार भानु प्रताप पर हत्या, लूट, डकैती और रंगदारी सहित करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि भानु प्रताप अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जाने की फिराक में है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में भानु प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रविवार रात करीब 11:10 बजे एसटीएफ के इंस्पेक्टर जेपी राय ने स्थानीय पुलिस को मुठभेड़ की सूचना दी और अतिरिक्त बल की मांग की। सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल भानु प्रताप को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूरा बाजार ले जाया गया, जहां से उसे दर्शननगर स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

भानु प्रताप सिंह मूल रूप से गोरखपुर का निवासी था और पूर्वांचल के कई जिलों में उसका आतंक माना जाता था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ कुल 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। उस पर आजमगढ़ पुलिस ने 1 लाख रुपये, अंबेडकरनगर पुलिस ने 50 हजार रुपये, गोरखपुर पुलिस ने 25 हजार रुपये और बस्ती पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस का कहना है कि भानु प्रताप लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। उसके मारे जाने से पूर्वांचल के कई जिलों में सक्रिय अपराध नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। वहीं स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!