उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबर

जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या का आरोप, 6 नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

जाफरगंज के अंगदपुर गांव में मिला शव, आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें दबिश में जुटीं

संवाददाता : बृजेन्द्र मौर्य, सब तक एक्सप्रेस
फतेहपुर। जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के अंगदपुर गांव में गुरुवार सुबह एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नक्की लाल (लगभग 65 से 70 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नक्की लाल का शव उस स्थान पर पड़ा है, जहां वह प्रतिदिन रात में सोते थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्षेत्राधिकारी, वरिष्ठ अधिकारियों एवं फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
परिजनों का आरोप है कि नक्की लाल का अपने पट्टीदारों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उनकी हत्या की गई है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद सभी नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!