फार्मर रजिस्ट्री की गड़बड़ी, खाद संकट और डीजल नीति से किसान परेशान, मोर्चा ने उठाई आवाज
किसानों को गैलन-जर्किन में डीजल उपलब्ध कराने की मांग, धधरौल डैम पर रेहड़ी-पटरी दुकानदारों के उत्पीड़न का भी उठाया मुद्दा

ब्यूरो रिपोर्ट : सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस
सोनभद्र। जिले में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री में गड़बड़ियों, खाद आपूर्ति में देरी और डीजल-पेट्रोल वितरण की नई व्यवस्था से किसान गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
संदीप मिश्रा ने बताया कि जिले के कई किसानों की भूमि अलग-अलग गांवों में स्थित है, लेकिन फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर केवल एक गांव की जमीन दर्ज हो पा रही है। इससे शेष भूमि के लिए खाद और अन्य सुविधाओं के मिलने पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि पोर्टल की तकनीकी खामियों को दूर कर विशेष अभियान चलाकर सभी किसानों का सही विवरण दर्ज कराया जाए।
मोर्चा ने कहा कि किसानों के लिए आने वाली खाद की रैक वर्तमान में वाराणसी और मिर्जापुर में उतारी जाती है, जिससे परिवहन खर्च बढ़ता है और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पाती। संगठन ने मांग की कि खाद की रैक सीधे सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर उतारी जाए, ताकि जिले के किसानों को राहत मिल सके।
मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि बड़े उद्योगों और कंपनियों को बड़ी मात्रा में डीजल-पेट्रोल उपलब्ध कराया जा रहा है, जबकि छोटे और मध्यम किसानों को आवश्यक मात्रा में ईंधन लेने में दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि किसानों को उनके गैलन और जर्किन में डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि सिंचाई, जुताई और कृषि कार्य प्रभावित न हों।
संदीप मिश्रा ने आरोप लगाया कि धधरौल डैम क्षेत्र में रेहड़ी-पटरी पर चाय, पान और सब्जी की दुकान चलाने वाले किसानों और छोटे व्यापारियों से कथित रूप से अवैध धन की मांग की जा रही है। मांग पूरी न होने पर उन्हें नोटिस देकर हटाने और उजाड़ने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि फार्मर रजिस्ट्री की खामियां दूर नहीं की गईं, सोनभद्र में खाद रैक उतरवाने की व्यवस्था नहीं हुई और किसानों के लिए डीजल उपलब्धता आसान नहीं बनाई गई, तो संगठन व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगा।
संदीप मिश्रा ने कहा कि महंगाई, मौसम की मार और बढ़ती लागत से जूझ रहे किसानों पर गलत नीतियों का अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है। किसान हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद, मनोज अग्रहरि, राजेश मौर्य, नंदू जायसवाल, सुरेश जायसवाल, विजय चौहान, सूरज कनौजिया, संजय बियार, सुजीत विश्वकर्मा, विजय धागर, नागेंद्र तिर्की, प्रमोद तिर्की, धीरज कनौजिया, अवधेश जाटव, बासमती चेरो, कौशल्या बिंद, हेमा बिंद, दुलारी कुशवाहा, राजू मौर्य सहित सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।



