“एक पेड़ सोनभद्र के नाम” अभियान को मिल रहा जनसमर्थन, पर्यावरण संरक्षण के लिए युवा आए आगे
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स और क्रिएटर्स चला रहे पौधरोपण महाअभियान, जल-जंगल-जमीन बचाने का संकल्प

रिपोर्ट : क्षितीश चतुर्वेदी/सब तक एक्सप्रेस।
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा “एक पेड़ सोनभद्र के नाम” अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। जिले के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, डिजिटल क्रिएटर्स और जागरूक युवाओं ने इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास शुरू कर दिया है। अभियान के तहत प्रतिदिन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सैकड़ों पौधे लगाए जा रहे हैं।
अभियान से जुड़े युवाओं का कहना है कि सोनभद्र की पहचान उसके घने जंगलों, प्राकृतिक संसाधनों और आदिवासी संस्कृति से है। ऐसे समय में जब जिले में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं के लिए बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं, तब पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज को जागरूक करना बेहद आवश्यक हो गया है।
पौधरोपण अभियान में शामिल लोग गांव-गांव और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर लोगों को पेड़ लगाने तथा उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उन्हें संरक्षित कर हरित सोनभद्र का निर्माण करना भी है।

अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि जंगल सुरक्षित रहेंगे तो जल स्रोत, वन्य जीव, जैव विविधता और स्थानीय लोगों की आजीविका भी सुरक्षित रहेगी। साथ ही आदिवासी समुदायों के पारंपरिक जीवन और संस्कृति का संरक्षण भी संभव हो सकेगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। युवाओं द्वारा शुरू किया गया यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
इस अभियान को आगे बढ़ाने में मनीष सिंह,अनिल मौर्या,आरती पटेल,संदीप कुमार,सचिन सिंह ,ज्योति पटेल,अंजलि,दिलीप सोनी,हरिओम केसरी,आनंद सोनी,प्रशांत पाण्डेय,अमन मौर्या,चोथु कबारु टीम,पूजा सोनी,अमन कुमार मौर्य,विवेकानंद मौर्या,पूजा मौर्या,विनय विश्वकर्मा, राकेश सेठ, राज सिंह,फूल सिंह पटेल,गौ सेवा सुकृत, जिद्दी छोरी,प्रशांत पाण्डेय, शुभम जायसवाल,श्याम बाबू ,सत्या कुमार,सतीश सिंह, अंकित पटेल,रॉकी सिंह,आरती पाण्डेय, सिराज खान,अजय सिंह, रानी सिंह,अशोक कुमार,रोहित,गोलू,अंकित सिंह ,अंकित सिंह पटेल सहित सैकड़ों इंफ्लुएंसर और क्रियेटर ने मिलकर पौधरोपण किया।
प्रकृति बचाने का संदेश
“एक पेड़ सोनभद्र के नाम” अभियान न केवल पौधरोपण तक सीमित है, बल्कि यह लोगों को प्रकृति, पर्यावरण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करने का भी कार्य कर रहा है। अभियान से जुड़े युवा अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़कर सोनभद्र को हराभरा और पर्यावरणीय रूप से समृद्ध बनाने का संकल्प लिए हुए हैं।



