उदयपुरजयपुरटॉप न्यूजराजस्थान

‘व्हॉईस ऑफ मीडिया’ का जंतर-मंतर पर विशाल आंदोलन, 29 जुलाई को दिल्ली में जुटेंगे देशभर के पत्रकार

50 सूत्रीय राष्ट्रीय मांगों को लेकर होगा प्रदर्शन, पत्रकारों से एकजुट होकर शामिल होने की अपील

रिपोर्ट : सब तक एक्सप्रेस

नई दिल्ली। पत्रकारों की 50 सूत्रीय राष्ट्रीय मांगों को लेकर व्हॉईस ऑफ मीडिया (VOM) इंटरनेशनल फोरम के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 29 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर विशाल राष्ट्रीय आंदोलन आयोजित किया जाएगा। इस आंदोलन में देशभर के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, रेडियो, डिजिटल मीडिया, वेब पोर्टल, यूट्यूब, दैनिक, साप्ताहिक, मासिक, फ्रीलांस, ग्रामीण एवं जिला स्तरीय पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

आंदोलन से पहले पूरे देश में एक महीने तक राज्य एवं जिला मुख्यालयों पर चरणबद्ध धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन अभियान चलाया जाएगा। इन कार्यक्रमों का समापन 29 जुलाई को जंतर-मंतर पर होने वाले राष्ट्रीय प्रदर्शन के साथ होगा।

आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष पत्रकारों और पत्रकारिता से जुड़ी 50 महत्वपूर्ण मांगें रखी जाएंगी। इनमें राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना, पत्रकारों पर हमलों के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधान, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा, पेंशन योजना, आवास योजना, ग्रामीण, फ्रीलांस और डिजिटल पत्रकारों को मान्यता, पत्रकारिता की स्वतंत्रता की रक्षा, सरकारी विज्ञापन नीति में पारदर्शिता तथा राष्ट्रीय पत्रकार कल्याण निगम की स्थापना जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

व्हॉईस ऑफ मीडिया के संस्थापक एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप काळे तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल म्हस्के ने देशभर के पत्रकारों से इस आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक वर्ग या माध्यम के पत्रकारों का नहीं, बल्कि पूरे देश के पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, सामाजिक अधिकारों और प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने केंद्र सरकार से इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो भविष्य में इससे भी व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन चलाया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार जंतर-मंतर पर होने वाले इस राष्ट्रीय आंदोलन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देश के विभिन्न राज्यों से हजारों पत्रकार इसमें शामिल होने के लिए नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनका कहना है कि यह आंदोलन पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा और लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!