सोनभद्र में जीएनएसएस रोवर तकनीक आधारित विशेष पैमाइश अभियान का शुभारंभ
बभनौली कला से जिलाधिकारी ने किया अभियान का शुभारंभ, 15 अगस्त तक चलेगा विशेष सर्वे अभियान

सोनभद्र।
ब्यूरो रिपोर्ट: सतीश पाण्डेय, सब तक एक्सप्रेस
जनपद सोनभद्र में मंगलवार को जीएनएसएस (GNSS) रोवर तकनीक आधारित विशेष पैमाइश अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी चर्चित गौड़ (आईएएस) ने बभनौली कला गांव में एक किसान के खेत पर पहुंचकर किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य खेतों, चकमार्गों एवं राजस्व अभिलेखों की आधुनिक तकनीक से सटीक, पारदर्शी एवं निष्पक्ष पैमाइश सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक तहसील में जीएनएसएस रोवर टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें प्रतिदिन पांच गांवों में पहुंचकर पैमाइश का कार्य करेंगी, जिससे राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर राजस्व व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है। इससे भूमि विवादों में कमी आएगी तथा किसानों और आम नागरिकों को त्वरित एवं निष्पक्ष सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान निर्धारित मानकों का पालन करते हुए सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ संपन्न कराए जाएं, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।



