उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजलखनऊसोनभद्र

तीन दिवसीय जोनल खेल प्रतियोगिता का हुआ भव्य समापन

सावन की फुहार के बीच छात्राओं ने खेल प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन, डीएवी अनपरा बना ओवरऑल चैंपियन

बीजपुर (सोनभद्र) | वरिष्ठ संवाददाता: राम अनुज धर द्विवेदी, सब तक एक्सप्रेस

डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी रिहंदनगर में आयोजित तीन दिवसीय जोनल खेल प्रतियोगिता का समापन गुरुवार को सोनशक्ति स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाड़ियों के उत्साह और खेल भावना की जमकर सराहना की गई।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि एनटीपीसी रिहंद परियोजना के परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक संजय असाटी रहे। उनके साथ महिला मंडल की अध्यक्षा नीलू असाटी तथा डीएवी जोन-डी की एआरओ संध्या पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

प्रतियोगिता के दौरान लगातार सावन की फुहार के बावजूद छात्राओं का उत्साह कम नहीं हुआ। प्रतिभागियों ने हाई जंप, ट्रिपल जंप, लॉन्ग जंप, रिले रेस, वॉलीबॉल, जेवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो, शॉटपुट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन और योग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में डीएवी अनपरा ने ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। डीएवी ओबरा दूसरे तथा डीएवी खड़िया तीसरे स्थान पर रहा। विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। वहीं एनटीपीसी रिहंद की ओर से सभी प्रतिभागी छात्राओं एवं खेल अधिकारियों को उपहार और टी-शर्ट भी भेंट की गई।

मुख्य अतिथि संजय असाटी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वरिष्ठ शिक्षक आर.के. झा ने प्रतिभागियों, शिक्षकों, अतिथियों तथा एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की। कार्यक्रम का समापन सस्वर शांतिपाठ के साथ हुआ।

समारोह में मानव संसाधन विभाग के प्रमुख राजेश बोईपाई, विद्यालय की प्राचार्य रचना दुबे, दीपा शरण, दीपा पांडे, हरिकेश यादव, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य अनुराग प्रकाश, सीआईएसएफ के सहायक कमांडेंट आलोक कुमार चौधरी, के.के. सिंह, अभिभावक प्रतिनिधि हरिओम मिश्रा सहित विद्यालय परिवार और बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक संदीप दुबे तथा कक्षा 11 की छात्रा एनी नाज एवं छात्र अंश सिंह ने किया। कार्यक्रम की जानकारी वरिष्ठ शिक्षक अनंत मोहन ने दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!