देवरिया एनकाउंटर: 25 हजार का इनामी बदमाश अजहर अंसारी गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग का आरोप

देवरिया, उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गुरुवार देर रात पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अजहर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले में लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि भाटपाररानी थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिलने के बाद चनुकी मोड़ पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बाइक से वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह बाइक लेकर भाग निकला।
सूचना मिलते ही लार थाना पुलिस को अलर्ट किया गया और खरवनिया मोड़ के पास घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बचकर निकलने का प्रयास किया, लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।
पुलिस का कहना है कि आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर मेडिकल कॉलेज देवरिया भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पूछताछ में उसकी पहचान अजहर अंसारी पुत्र अहमद अंसारी, निवासी मटियरा जगदीश, थाना लार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मामला दर्ज था। अब पुलिस टीम पर फायरिंग के आरोप में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की अतिरिक्त धाराओं में भी मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



