टॉप न्यूज

BRICS Summit 2026: दिल्ली में विश्व नेताओं का जमावड़ा, पुतिन पहुंचे; शी जिनपिंग कल आएंगे, जानें मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

नई दिल्ली, दिल्ली

नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर राजधानी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सम्मेलन में ब्रिक्स सदस्य देशों के अलावा साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता भी शामिल होंगे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं, जबकि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 12 सितंबर को दोपहर 12:25 बजे एएफएस पालम पहुंचेंगे।

इस सम्मेलन का आयोजन ऐसे समय में हो रहा है जब दुनिया कई गंभीर भू-राजनीतिक और आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रही है। वैश्विक शासन व्यवस्था, बहुपक्षवाद, व्यापार, निवेश, तकनीक, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन तथा महत्वपूर्ण आपूर्ति श्रृंखलाओं जैसे विषयों पर नेताओं के बीच चर्चा होगी।

12 सितंबर को क्या होगा?

पहले दिन दोपहर 2:35 बजे ब्रिक्स सदस्य देशों के नेताओं की बंद कमरे में बैठक होगी। बैठक का विषय ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करना’ होगा। इसके बाद शाम 4:25 बजे नेता ‘भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी’ का दौरा करेंगे।

शाम 5:05 बजे आधिकारिक फैमिली फोटो और संयुक्त पौधरोपण का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी विदेशी मेहमान नेताओं के सम्मान में रात्रिभोज देंगे।

13 सितंबर को मुख्य खुला सत्र

दूसरे दिन सुबह 9:55 बजे ब्रिक्स सदस्य देशों, साझेदार देशों और आमंत्रित मेहमानों के पहुंचने का कार्यक्रम है। सुबह 10:35 बजे आधिकारिक समूह फोटो होगी। इसके बाद 10:50 बजे मुख्य खुला सत्र शुरू होगा।

इस सत्र का विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता—समावेशी वैश्विक विकास के लिए भविष्य को आकार देना’ है। चर्चा में वैश्विक विकास को अधिक समावेशी और टिकाऊ बनाने के उपायों पर जोर रहेगा। बैठक के अंत में ‘नई दिल्ली घोषणापत्र’ के साथ सम्मेलन का समापन होगा।

कौन-कौन से नेता पहुंच रहे हैं?

सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। 11 सितंबर को दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, यूएई के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर समेत कई नेताओं के पहुंचने का कार्यक्रम है।

12 सितंबर को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, वियतनाम के प्रधानमंत्री ले मिन्ह हंग, कजाखस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्त तोकायेव और अन्य वरिष्ठ प्रतिनिधियों के भारत पहुंचने का कार्यक्रम है।

दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

सम्मेलन को देखते हुए राजधानी को बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। करीब 15 हजार दिल्ली पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात हैं। 500 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है।

कूटनीतिक एन्क्लेव और विदेशी नेताओं के ठहरने वाले होटलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। सम्मेलन के दौरान यातायात और हवाई गतिविधियों को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। दुनिया भर से करीब 1200 से 1300 पत्रकारों के दिल्ली पहुंचने की संभावना है। भारत मंडपम इस दो दिवसीय कूटनीतिक आयोजन का मुख्य केंद्र रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!