दिल्ली पब्लिक स्कूल, सीतापुर ने वृद्धजनों के साथ मनाया दीपावली का त्योहार

सब तक एक्सप्रेस।वरिष्ठ संवाददाता शैलेन्द्र यादव की रिपोर्ट
सीतापुर: दीपावली का पावन अवसर खुशियाँ बाँटने और रिश्तों को मजबूत करने का मौका होता है। इसी भावना को चरितार्थ करते हुए, दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), सीतापुर ने 19 अक्टूबर 2025 को एक सराहनीय ‘निस्वार्थ अभियान’ का आयोजन किया।
इस अभियान के तहत, विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और प्रबंधन ने मिलकर नैमिषारण्य में स्थित मातृ-पितृ सदन वृद्ध आश्रम का दौरा किया। विद्यालय की टीम ने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों के साथ दीपावली का त्योहार मनाया और उनके जीवन में खुशियाँ लाने का प्रयास किया।
डीपीएस सीतापुर की तरफ से वृद्धजनों को दैनिक उपयोग की वस्तुएं, स्वादिष्ट मिठाईयाँ और फल इत्यादि वितरित किए गए। विद्यालय के छात्र-छात्राओं से मिलकर, वृद्ध आश्रम के लोग अत्यंत प्रसन्न हुए और उनका मन भाव-विभोर हो उठा। उन्होंने छात्रों को ढेर सारा आशीर्वाद दिया।
यह अभियान मानवीय मूल्यों और सामाजिक ज़िम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। इस पुनीत कार्य में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, प्रधानाध्यापिका फरह़ इमाम और सविता सिंह, प्राचार्य राकेश कुमार सिंह एवं प्रबंधकों का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान रहा।
डीपीएस सीतापुर का यह प्रयास न केवल दीपावली की खुशियों को साझा करने का माध्यम बना, बल्कि नई पीढ़ी को अपने बड़ों के प्रति सम्मान और सेवा का पाठ भी सिखाया।



