1 से 3 दिसम्बर तक 1300 क्विंटल धान खरीदी, कलेक्टर ने दिए निर्देश

सब तक एक्सप्रेस।
ब्यूरो चीफ – राहुल शीतलानी
मानपुर। शासन के निर्देशानुसार जिले में धान खरीदी का कार्य 1 दिसम्बर से शुरू हो गया है। जिले में इस वर्ष 36 धान खरीदी केंद्रों के माध्यम से धान की खरीदी की जा रही है।
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने सोमवार को मानपुर विकासखंड के ग्राम ददरौड़ी स्थित धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने बताया कि 1 दिसम्बर से 3 दिसम्बर तक केंद्रों पर कुल 1300 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। उन्होंने निर्देशित किया कि जो भी किसान धान लेकर खरीदी केंद्र पर पहुंचे, उनसे नियमित रूप से खरीदी सुनिश्चित की जाए और उन्हें समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को कतार, तौल एवं भुगतान की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। खरीदी कार्य समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से किया जाए।
कलेक्टर ने केंद्र में उपस्थित किसानों से चर्चा भी की और व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों को आवश्यकतानुसार सुधार करने के निर्देश दिए।



