
विशेष संवाददाता – शैलेन्द्र यादव
सब तक एक्सप्रेस
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक सीतापुर भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया को लेकर जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह प्रक्रिया लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बृजेश पाठक ने कहा कि एसआईआर एक अत्यंत आवश्यक प्रक्रिया है, जिससे मतदाताओं तथा सरकारी कर्मचारियों को सहयोग और सुविधा मिली तो कोई भी व्यक्ति परेशानी का सामना नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष भले ही अलग-अलग बातें कर रहा हो, लेकिन वास्तविकता यह है कि यह प्रक्रिया मतदाताओं के हित में है।

बैठक में जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला और जिला प्रभारी नीरज सिंह ने पटका पहनाकर उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। अपने संबोधन में जिला प्रभारी नीरज सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को भली-भांति समझता है। यह एसआईआर की प्रक्रिया राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। इससे देश के अंदर छिपे अवैध विदेशी तत्वों की पहचान में मदद मिलेगी और लोकतंत्र की सुदृढ़ छवि विश्व पटल पर उभरेगी।

जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि उपमुख्यमंत्री ने जो दिशा-निर्देश दिए हैं, उनका पालन करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को लक्ष्य प्राप्ति के लिए जुटना होगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र से जुड़ा यह कार्य राष्ट्र सेवा है और भाजपा कार्यकर्ता इसके लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगे।
कार्यक्रम में बिसवा विधायक निर्मल वर्मा, महमूदाबाद विधायक आशा मौर्य, सिधौली विधायक मनीष रावत, पूर्व लहरपुर विधायक सुनील वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रद्धा सागर, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, राकेश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।



