उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजदिल्लीबड़ी खबरराज्यरामपुरलखनऊसीतापुरसोनभद्र

गरीबों का वोट काटकर भाजपा लोकतंत्र की हत्या करना चाहती है : संजय सिंह

जिस दिन वोट खत्म हुआ, उस दिन सत्ता लाठी से राज करेगी : संजय सिंह

सब तक एक्सप्रेस | लखनऊ/रामपुर ब्यूरो
रामपुर। भाजपा द्वारा लोकतंत्र और संविधान पर किए जा रहे सुनियोजित हमलों के खिलाफ रामपुर की धरती से एक निर्णायक संघर्ष की शुरुआत हुई। आम आदमी पार्टी की ‘वोट बचाओ, संविधान बचाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ रविवार को आसरा कॉलोनी, पहाड़ी गेट, रामपुर से किया गया। पदयात्रा का नेतृत्व प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने किया। इससे पहले उन्होंने गांधी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर वोट और संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
संजय सिंह के नेतृत्व में शुरू हुई छह दिवसीय इस पदयात्रा के माध्यम से एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से नाम काटने, गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों के वोट छीनने तथा संविधान को कमजोर करने की साजिशों के खिलाफ जनता को जागरूक और संगठित किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वोट और संविधान की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पदयात्रा के शुभारंभ अवसर पर संजय सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने जीवनभर अहिंसा, भाईचारे और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया। आज उसी विचारधारा को बचाने का संकल्प रामपुर की धरती से लिया गया है। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति से न देश बन सकता है और न समाज, इसलिए यह पदयात्रा केवल एक मार्च नहीं बल्कि लोकतंत्र को बचाने की हुंकार है।
आसरा कॉलोनी, पहाड़ी गेट पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर के नाम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य चुनाव आयुक्त मिलकर साढ़े तीन करोड़ वोट काटने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अब केवल चुनाव की नहीं बल्कि वोट, संविधान, लोकतंत्र और स्वाभिमान को बचाने की लड़ाई है। संजय सिंह ने चेतावनी दी कि वोट की ताकत ही जनता की असली ताकत है और जिस दिन वोट का अधिकार खत्म हो गया, उस दिन सत्ता लाठी के दम पर राज करेगी।
उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान में राष्ट्रपति से लेकर गांव के मजदूर तक के वोट को समान अधिकार दिया था, लेकिन आज उसी अधिकार पर हमला हो रहा है। संजय सिंह ने मुरादाबाद में बीएलओ सर्वेश सिंह की मौत और देशभर में बीएलओ की आत्महत्याओं का जिक्र करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। साथ ही रामपुर की 80 वर्षीय बीमार बुजुर्ग महिला नूरजहां के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने को सत्ता की संवेदनहीनता बताया।
भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि संसद में बेरोजगारी, महंगाई, प्रदूषण से हो रही मौतों, किसानों की समस्याओं और रुपये की गिरावट जैसे मुद्दों पर चर्चा से सरकार भागती है और नफरत की राजनीति को बढ़ावा देती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर सबसे पहले स्कूलों और अस्पतालों को मजबूत किया जाएगा।
गौरतलब है कि यह पदयात्रा 21 दिसंबर से 26 दिसंबर तक चलेगी, जो रामपुर से शुरू होकर मुरादाबाद और अमरोहा तक जाएगी। यात्रा के दौरान जगह-जगह जनसभाएं और जनसंवाद आयोजित किए जाएंगे। पदयात्रा के पहले दिन का समापन रात्रि विश्राम के साथ जे.आर. पैलेस, अंबेडकर पार्क के पास, मुरादाबाद रोड, रामपुर में हुआ। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने संजय सिंह का जोरदार स्वागत किया और इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!