
राजस्थान के उदयपुर में एक महिला से दुष्कर्म के मामले में GKM IT के सीईओ जितेश प्रकाश सिसोदिया, शिल्पा सिरोही और उनके पति गौरव सिरोही को गिरफ्तार किया गया है। 20 दिसंबर को हुई इस घटना में पीड़िता को गहरी चोटें आईं और मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। पीड़िता को बर्थडे पार्टी से घर छोड़ने के बहाने कार में ले जाया गया था। घटना डैशकैम में कैद हो गई।
राजस्थान के उदयपुर में महिला संग हुई दुष्कर्म की घटना पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस मामले में पुलिस ने GKM IT के सीईओ जितेश प्रकाश सिसोदिया, फर्म की महिला एक्जीक्यूटिव हेड शिल्पा सिरोही और उनके पति गौरव सिरोही को हिरासत में लिया है।
20 दिसंबर को कार में इस घटना को अंजाम दिया गया था। महिला की मेडिकल रिपोर्ट में भी रेप की पुष्टि हो चुकी है। पीड़िता के शरीर पर गहरे घाव मिले हैं। साथ ही उसके प्राइवेट पार्ट में भी कई गंभीर चोटें आईं हैं।
बर्थडे पार्टी से घर छोड़ने का दिया ऑफर
राजस्थान पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए पीड़िता ने बताया कि उसके गहने, मोजे और अंडरगारमेंट्स गायब हैं। महिला पेशे से IT फर्म में मैनेजर थी। 20 दिसंबर को वो सिसोदिया की जन्मदिन पार्टी में शिरकत करने के लिए उदयपुर के शोभागपुरा स्थित होटल में पहुंची थी। पीड़िता समेत पार्टी में मौजूद सभी लोगों ने शराब पी थी। पीड़िता की हालत अचानक बिगड़ने लगी। तभी रात को लगभग 1:30 बजे सिसोदिया, शिल्पा और गौरव ने उसे घर छोड़ने का ऑफर दिया।
पीड़िता को पिलाई सिगरेट
पीड़िता के अनुसार, गौरव गाड़ी चला रहा था। शिल्पा, जितेश और पीड़िता पीछे की सीट पर बैठे थे। कार उन्हीं में से किसी की थी। रास्ते में आरोपी ने सिगरेट लेने के लिए एक दुकान पर गाड़ी रोकी और पीड़िता को भी पीने के लिए दिया। इसके बाद पीड़िता बेहोश हो गई।
डैशकैम में कैद हुई घटना
पुलिस का कहना है कि जब महिला को होश आया, तो उसके शरीर में काफी चोटें लगी थीं। उसने कार का डैशकैम चेक किया, तो उसमें सारी घटना रिकॉर्ड हो गई थी। महिला ने आरोपियों की बातें भी सुनी। 23 दिसंबर को महिला पुलिस स्टेशन पहुंची और सिसोदिया, शिल्पा और गौरव के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया। कोर्ट ने सभी को 4 दिन की कस्टडी में भेजने का आदेश दिया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।



