JioAstro App: अब मोबाइल पर मिलेगा एआई ज्योतिषी का साथ, जियो के नए एप में कुंडली और राशिफल की सुविधा

नई दिल्ली, दिल्ली। डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में लगातार विस्तार कर रही रिलायंस जियो ने अब ज्योतिष की दुनिया में प्रवेश किया है। कंपनी ने जियोएस्ट्रो नाम से नया एआई आधारित वैदिक ज्योतिष एप लॉन्च किया है। इस एप के जरिए लोग अपनी जन्म कुंडली, ग्रहों की स्थिति, ज्योतिषीय दशाओं और विभिन्न दोषों से संबंधित सवाल पूछ सकेंगे। एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स इसे गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं।
जन्म कुंडली के आधार पर मिलेंगे जवाब
जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने इस एप में पारंपरिक ज्योतिषीय गणनाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक से जोड़ा है। सामान्य राशिफल एप से अलग इसमें यूजर्स को अपनी जन्म संबंधी जानकारी के आधार पर एआई ज्योतिषी से बातचीत करने का विकल्प मिलेगा।
कंपनी के मुताबिक, एप में दी जाने वाली जानकारी शास्त्रीय वैदिक ज्योतिष की गणनाओं पर आधारित होगी।
मांगलिक और कालसर्प दोष का भी होगा विश्लेषण
जियोएस्ट्रो में लग्न कुंडली और नवांश कुंडली देखने की सुविधा दी गई है। यूजर्स उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय दोनों शैलियों में अपनी कुंडली देख सकेंगे। एप 40 से अधिक ज्योतिषीय योगों की पहचान करने के साथ मांगलिक दोष, कालसर्प दोष, पितृ दोष और ग्रहण दोष का विश्लेषण भी कर सकेगा।
हिंदी समेत चार भाषाओं में उपलब्ध
कंपनी ने अलग-अलग भाषाओं के यूजर्स को ध्यान में रखते हुए एप में हिंदी, अंग्रेजी, मराठी और गुजराती भाषा का विकल्प दिया है। इसमें दैनिक राशिफल के अलावा शुभ रंग, भाग्यशाली अंक, दैनिक पंचांग और शुभ मुहूर्त की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
एप में लाइफ स्नैपशॉट नाम का फीचर दिया गया है, जिसके माध्यम से करियर और स्वास्थ्य से जुड़े ज्योतिषीय आकलन देखे जा सकेंगे।
एक अकाउंट में परिवार के चार सदस्यों की प्रोफाइल
यूजर्स अपने परिवार के चार सदस्यों की प्रोफाइल भी एप में जोड़ सकेंगे। इसके अलावा वार्षिक वर्षफल रिपोर्ट को पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड करने का विकल्प मिलेगा।
जन्म संबंधी डेटा रहेगा सुरक्षित
कंपनी का दावा है कि एप में दर्ज जन्म संबंधी निजी जानकारी एन्क्रिप्टेड रखी जाएगी। साथ ही यूजर्स पर महंगे उत्पाद खरीदने का दबाव नहीं बनाया जाएगा।
जियो ने स्पष्ट किया है कि एप का उद्देश्य केवल ज्योतिषीय मार्गदर्शन देना है। इससे प्राप्त जानकारी को विशेषज्ञों की चिकित्सा, कानूनी या वित्तीय सलाह का विकल्प नहीं समझना चाहिए।




