अंग्रेजी प्रवक्ता ने दी जान, घर में मिला शव
बीमारी और मानसिक तनाव से थे परेशान, पुलिस ने शुरू की जांच

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कुंवरपुर रोड स्थित बनारसी धाम मोहल्ले में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां अंग्रेजी प्रवक्ता रमाशंकर (54) ने अपने ही घर में आत्महत्या कर ली। वह खजुहा कस्बे के पुरुषोत्तम इंटर कॉलेज में अंग्रेजी विषय के प्रवक्ता के पद पर कार्यरत थे।
मूल रूप से गाजीपुर जनपद के शेखपुर (थाना कासमागंज) निवासी रमाशंकर ने वर्षों पहले बिंदकी में अपना मकान बनवाकर परिवार के साथ रहना शुरू किया था। उनकी पत्नी हृदेश कुमारी सरकंडी गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में शिक्षिका हैं। उनके तीन बच्चे हैं।
परिजनों के अनुसार, रमाशंकर लंबे समय से शुगर की बीमारी से पीड़ित थे और मानसिक तनाव व डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उन्होंने पिछले चार दिनों से स्कूल से अवकाश भी ले रखा था। शुक्रवार को पत्नी स्कूल गई थीं और बच्चे पढ़ाई के लिए बाहर थे। दोपहर में जब बच्चे लौटे तो पिता को कमरे में खून से लथपथ पाया।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नोट: यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो कृपया परिजनों या विशेषज्ञ से मदद अवश्य लें। समय पर सहायता जीवन बचा सकती है।


