उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबर

फतेहपुर में बिजली विभाग की लापरवाही, दलित परिवार का घर जला, बेटा झुलसा

टूटे तार की शिकायत के बावजूद नहीं हुई सुनवाई, शॉर्ट सर्किट से हुआ बड़ा हादसा

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। जनपद के मलवां थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक दलित परिवार का घर जलकर खाक हो गया, जबकि परिवार का एक बेटा गंभीर रूप से झुलस गया।
जानकारी के अनुसार गांव में लगा बिजली का पोल काफी समय से टेढ़ा था और उससे जुड़े तार बार-बार टूटकर गिर रहे थे। पीड़ित परिवार ने कई बार विभागीय अधिकारियों, विशेषकर जूनियर इंजीनियर (जेई) से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया।
आरोप है कि घटना से एक दिन पहले भी टूटे तार को ठीक कराने की मांग की गई थी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उल्टा, शिकायत करने पर अधिकारियों द्वारा दबाव बनाने और कार्रवाई की धमकी देने की बात भी सामने आई है।
पीड़ित का कहना है कि बीती रात जबरन टूटे तार को जोड़ दिया गया, जिसके बाद शॉर्ट सर्किट हुआ और जलता हुआ तार सीधे उनके छप्पर पर गिर गया। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस हादसे में घर में रखा अनाज, घरेलू सामान और अन्य जरूरी चीजें जलकर राख हो गईं। वहीं, परिवार का एक बेटा आग में झुलसकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते बिजली विभाग ने कार्रवाई की होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।
फिलहाल प्रशासन की ओर से जांच और राहत को लेकर कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय लोग दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!