उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजफतेहपुरबड़ी खबर

खागा में जाम से राहत के लिए बड़ा कदम, मंगलवार और शनिवार को वन-वे व्यवस्था लागू

बसों, ट्रैक्टरों और बड़े वाहनों की एंट्री पर रोक, दो सप्ताह तक ट्रायल के तौर पर चलेगी नई व्यवस्था

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर जिले के खागा नगर में बढ़ते यातायात दबाव और बाजार के दिनों में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने नई व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। 16 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में व्यापार मंडल पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने मंगलवार और शनिवार को पीलू तले चौराहा से चौक चौराहा तक स्कूली बसों और ट्रैक्टरों के प्रवेश से जाम की गंभीर समस्या उठाई। इसके बाद प्रशासन ने वन-वे व्यवस्था लागू करने और बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया।
यातायात पुलिस के अनुसार नई व्यवस्था दो सप्ताह तक ट्रायल के रूप में लागू रहेगी। वन-वे व्यवस्था का समय सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत मंगलवार और शनिवार को पत्थरकटा से चौक-कोतवाली-रोडवेज चौकी तथा वर्मा चौराहा से चौक चौराहा-बाकरगंज मार्ग पर बसों और ट्रैक्टरों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। स्कूली वाहनों को केवल पत्थरकटा चौराहे से प्रवेश मिलेगा, जहां से वे पीलू तले होते हुए ज्वालागंज की ओर जा सकेंगे। वहीं वर्मा चौराहे से केवल छोटे स्कूली वाहन जैसे मैजिक और कैम्पर वैन को प्रवेश की अनुमति होगी।
इसके अलावा ज्वालागंज से चौक चौराहा होते हुए पत्थरकटा की ओर जाने वाले बस और ट्रैक्टरों पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यातायात पुलिस ने स्कूल प्रबंधन, वाहन चालकों और आम नागरिकों से नई व्यवस्था का पालन करने की अपील की है, ताकि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!