प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, पति समेत तीन पर मुकदमा दर्ज
फतेहपुर के मलवां क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामला, भैंस चोरी बताकर घटना छिपाने की कोशिश

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य | सब तक एक्सप्रेस
फतेहपुर। जिले के मलवां थाना क्षेत्र के बुधैयापुर गांव में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादीशुदा महिला से मिलने पहुंचे युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में महिला के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भिटौरा गांव निवासी राम सजीवन का बुधैयापुर गांव की एक युवती से लंबे समय से प्रेम संबंध था। युवती की शादी हो जाने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसकी ससुराल पहुंचा था।
इसी दौरान इसकी जानकारी महिला के पति और अन्य परिजनों को हो गई। आरोप है कि युवक को पकड़कर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को छिपाने के लिए आरोपियों ने युवक को भैंस चोर बताते हुए चोरी के दौरान मौत होने की कहानी गढ़ने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ व प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और हत्या का निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।



