संदिग्ध परिस्थितियों में व्यक्ति की मौत, गांव में शोक और दहशत का माहौल
रात में घर से निकले थे कमलेश दिवाकर, सुबह जिला अस्पताल में मिला शव

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य | सब तक एक्सप्रेस
फतेहपुर। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भिटौरा निवासी कमलेश दिवाकर (42) बीती रात 4 मई को करीब 2 से 3 बजे के बीच अपने घर से बाहर निकले थे। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे। परिजन उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन सुबह एक दुखद सूचना ने सभी को स्तब्ध कर दिया।

बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6 बजे ग्राम प्रधान ने मृतक के भाई को सूचना दी कि कमलेश दिवाकर का शव जिला अस्पताल फतेहपुर में रखा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शव देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामला हादसे का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।



