जिला अस्पताल में डीएम का औचक निरीक्षण, दो घंटे चली जांच से मचा हड़कंप
खामियां मिलने पर स्वास्थ्य अधिकारियों को फटकार, बाहरी दवा लिखने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई की चेतावनी

फतेहपुर | संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बुधवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा दिया। करीब दो घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया और साफ-सफाई सहित कई व्यवस्थागत खामियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान डीएम सबसे पहले जन औषधि केंद्र पहुंचीं, जहां उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने लेबर रूम, ऑपरेशन थियेटर, ब्लड बैंक और विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से भी बातचीत की और इलाज, दवा व अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से मिली जानकारी के आधार पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले हर मरीज को बेहतर इलाज और आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
अस्पताल परिसर में गंदगी और अन्य कमियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए और साफ कहा कि लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने डॉक्टरों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई चिकित्सक मरीजों को बाहर की दवा लिखता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने में जुटे नजर आए।



