फतेहपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया वट सावित्री व्रत
सुहागिन महिलाओं ने बरगद वृक्ष की पूजा कर पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की

संवाददाता: बृजेन्द्र मौर्य, फतेहपुर
फतेहपुर। ज्येष्ठ मास की अमावस्या के अवसर पर जनपद में अखंड सौभाग्य का पर्व वट सावित्री व्रत श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों एवं मोहल्लों में स्थित बरगद के पेड़ों के पास सुहागिन महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर विधि-विधान से वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की और अपने पति की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान महिलाओं ने वट वृक्ष की परिक्रमा कर कच्चा सूत बांधा तथा वट सावित्री व्रत कथा का श्रवण किया।

इस दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा और श्रृंगार में सजी महिलाओं ने पूजा के बाद एक-दूसरे को व्रत की शुभकामनाएं भी दीं।
धार्मिक मान्यता के अनुसार वट सावित्री व्रत में माता सावित्री द्वारा अपने पति सत्यवान के प्राण यमराज से वापस लाने की कथा का विशेष महत्व माना जाता है। इसी कारण सुहागिन महिलाएं इस व्रत को अखंड सौभाग्य और वैवाहिक सुख के लिए रखती हैं।



