उत्तर प्रदेशटॉप न्यूजपर्यावरणपेड़ है तो प्राण हैबड़ी खबरराज्यराष्ट्रीयलखनऊसोनभद्र

आदिवासी अनादर नहीं, आस्था के विषय हैं : संदीप मिश्रा

पेड़ों की कटान और प्रस्तावित कंपनी का ग्रामीणों ने किया विरोध, मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन; वन विभाग के अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप

सोनभद्र। रिपोर्ट : क्षितीश चतुर्वेदी, सब तक एक्सप्रेस।
सोनभद्र जिले में प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना और पेड़ों की कटान को लेकर विरोध तेज हो गया है। किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन भेजकर वन विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “आदिवासी अनादर नहीं, आस्था के विषय हैं” और जंगल, जमीन व प्राकृतिक संसाधन आदिवासी समाज की संस्कृति और जीवन का आधार हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शासन के निर्देशों और वन संरक्षण नियमों की अनदेखी करते हुए बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटान के लिए एनओसी जारी की जा रही है। मोर्चा का कहना है कि वर्ष 2024 के शासनादेश के प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है तथा संरक्षित पेड़ों की भी कटान कराई जा रही है।
संदीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अवैध पेड़ कटान पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रस्तावित औद्योगिक परियोजनाओं के कारण वन क्षेत्र और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
वहीं, ग्रामीणों ने भी प्रस्तावित कंपनी के विरोध में खुलकर अपनी बात रखी। ग्रामीण कन्हैया चेरो ने कहा कि किसी भी कीमत पर कंपनी स्थापित नहीं होने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर जिला मुख्यालय से लेकर लखनऊ और दिल्ली तक आंदोलन किया जाएगा।
बिंदु अगरिया ने आरोप लगाया कि कंपनी आने से प्रदूषण बढ़ेगा और गरीबों के जंगल, जमीन तथा प्राकृतिक अधिकार प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
राम बहाल ने कहा कि जंगल और पेड़ उनके पूर्वजों की विरासत हैं तथा उनकी रक्षा हर हाल में की जाएगी। वहीं रामसेवक ने कहा कि कोरोना काल में इस क्षेत्र की स्वच्छ हवा और वन संपदा लोगों के लिए उपयोगी साबित हुई थी। भविष्य में भी इस हरियाली को बचाना आवश्यक है।
किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की तो पर्यावरण संरक्षण, जंगल बचाने और आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा।
कार्यक्रम में विन्दू खरवार, गोपीनाथ चेरो, मुखलाल चेरो, गुलाब चेरो, बासमती गोण, दीपक गोण, दिनेश माझी, गुलाब बैगा, राजेश पनिका सहित बड़ी संख्या में आदिवासी महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!