ईदगाह पहुंचकर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने दी बकरीद की मुबारकबाद
जनपदवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना, भाईचारे का दिया संदेश

ब्यूरो रिपोर्ट : सतीश पाण्डेय
बकरीद पर्व पर ईदगाह पहुंचे जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक, दी मुबारकबाद एवं शुभकामनाएं
प्रेम, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में बकरीद पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ रॉबर्ट्सगंज स्थित ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद की मुबारकबाद एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) बगीश कुमार शुक्ला तथा उप जिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज अश्वनी कुमार भी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि बकरीद का पर्व त्याग, समर्पण और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने जनपदवासियों से प्रेम, सौहार्द एवं शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा सभी लोग आपसी सहयोग और सद्भाव बनाए रखें।
इस दौरान अधिकारियों ने ईदगाह परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित लोगों से संवाद स्थापित कर जनपद में अमन-चैन एवं भाईचारे की परंपरा को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया। पर्व को लेकर लोगों में उत्साह एवं खुशी का माहौल देखने को मिला।



