उमरियाक्राइमटॉप न्यूजबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूजभोपालमध्य प्रदेश

नौरोजाबाद में दिन-रात बिजली कटौती से लोग परेशान, सुरक्षा पर भी मंडराया खतरा

भीषण गर्मी में बढ़ी मुश्किलें, अंधेरे का फायदा उठाकर चोरी की घटनाओं की आशंका

ब्यूरो चीफ उमरिया — राहुल शीतलानी
नौरोजाबाद। उमरिया जिले के नौरोजाबाद क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। क्षेत्र में दिन और रात दोनों समय बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के दौर में अनियमित विद्युत आपूर्ति ने नागरिकों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार घंटों तक बिजली बंद रहती है, जिससे घरों में रहने वाले बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं बिजली कटौती का असर पेयजल व्यवस्था और दैनिक कार्यों पर भी पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने चिंता जताई है कि रात के समय लंबे समय तक अंधेरा रहने से सुरक्षा संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली गुल होने का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व और चोर सक्रिय हो सकते हैं, जिससे किसी बड़ी वारदात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
दूसरी ओर व्यापारियों का कहना है कि बार-बार बिजली जाने से उनके कारोबार पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। दुकानों और छोटे व्यवसायों में कामकाज प्रभावित हो रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
क्षेत्र के नागरिकों ने विद्युत विभाग से जल्द से जल्द व्यवस्था में सुधार कर नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि लगातार बिजली कटौती के दौरान कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Please enter comment in Japanese. (Anti-spam)

Back to top button
error: Content is protected !!